घोसी। विधानसभा उप चुनाव में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह को कांग्रेस का समर्थन मिल चुका है। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पत्र जारी कर शनिवार समर्थन का ऐलान किया है। इससे उप चुनाव के समीकरण बदलने के आसार हैं। विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस पार्टी से पूर्व प्रत्याशी के रूप में राज मंगल यादव ने चुनाव लड़ा था। कांग्रेस के समर्थन के बाद अब समाजवादी पार्टी के लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।


समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव गांव-गांव जाकर सुधाकर सिंह के लिए वोट मांगते नजर आ रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के समर्थन का ऐलान के बाद विधानसभा चुनाव 2022 में घोसी विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी राजमंगल यादव के घर पर पहुंच कर उन्होंने मुलाकात की। कांग्रेस के नेता राजमंगल यादव ने सपा के शिवपाल सिंह यादव का भव्य स्वागत किया। घोसी उप चुनाव में एक के बाद एक दिलचस्प घटनाएं होती जा रही हैं।

लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल


कांग्रेस पार्टी के नेता राज मंगल यादव ने बताया कि INDIA गठबंधन के तहत कांग्रेस पार्टी ने घोसी विधानसभा में हो रहे उप चुनाव में सपा के प्रत्याशी सुधाकर सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। इसलिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के द्वारा घोसी विधानसभा में होने वाले उप चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह को कांग्रेस पार्टी का पूरा समर्थन देने का ऐलान किया गया है।

सुधाकर सिंह को जिताने के लिए खून पसीना एक करेंगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता तन-मन-धन से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह को जीतने में जुट गया है। सुधाकर सिंह घोसी विधानसभा से पूर्व विधायक रह चुके हैं और स्थानीय जनता दल बदलू नेताओं से मुक्ति चाहती है। इसलिए बाहरी भगाओ भीतरी को लाओ के नारे के साथ हम सपा के प्रत्याशी सुधाकर सिंह को जिताने के लिए अपना खून पसीना एक कर देंगे।

घोसी चुनाव इंडिया गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण


विधानसभा चुनाव 2022 में मुझे जितना वोट मिला था । उससे अधिक वोट हम सुधाकर सिंह को दिलवाने का काम करेंगे। घोसी विधानसभा का यह उप चुनाव इसलिए बहुत महत्वपूर्ण है। क्योंकि इस चुनाव में हमारी जीत का मतलब इंडिया गठबंधन का जीत होगा।