गाजीपुर,  मौधा। खानपुर थानाक्षेत्र के बहुरा गांव निवासी युवक पर 56 दिनों पूर्व हुए जानलेवा हमले के बाद हुई उसकी मौत के मामले में ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। उसकी मौत के बाद ग्रामीणों ने शव को दरवाजे पर ही रखकर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। आखिरकार थानाध्यक्ष प्रवीण यादव द्वारा समझाने के बाद उन्होंने प्रदर्शन खत्म किया और 15 घंटों बाद शव के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू की। बता दें कि बीते 3 दिसंबर को बाजार जाते समय खानपुर थानाक्षेत्र के बहुरा गांव निवासी 25 वर्षीय संदीप निषाद को कुछ मनबढ़ युवकों ने कुल्हाड़ी व लाठी डंडों से मार कर घायल कर दिया था। घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही छह युवकों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने उसी समय 5 नामजद आरोपियों को जेल भेज दिया था लेकिन मुख्य आरोपी अब तक फरार चल रहा है। इस बीच युवक ने वाराणसी में दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिजनों व ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने शव को अपने घर के बाहर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और फरार मुख्य हत्यारोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। आरोप लगाया कि फरार हत्यारोपी सत्ताधारी दल के एक नेता का रिश्तेदार है, जिसके चलते दबाव में पुलिस उसकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है। इसके बाद पुलिस के हाथ पांव फूल गए। घंटों तक परिजनों का मनावन करने के बाद वो अंतिम संस्कार को राजी हुए। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमे में अब हत्या की धारा जोड़ते हुए कार्यवाही की जा रही है। फरार बदमाश को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।