नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के स्टाफ को शनिवार को नोटिस दे दिया। दिल्ली पुलिस नोटिस को सीधे मुख्यमंत्री को देना चाहती थी, मगर स्टाफ ने दिल्ली पुलिस को अंदर घुसने नहीं दिया। दिल्ली पुलिस ने नोटिस के जरिए अरविंद केजरीवाल से जवाब मांगा है। वहीं, दिल्ली पुलिस आज फिर नोटिस देने पहुंची है।

आम आदमी पार्टी के विधायकों के खरीद-फरोख्त के आरोप मामले में पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी कर 12 सवाल पूछे हैं। इतने ही सवाल मंत्री आतिशी से पूछे जाएंगे। आतिशी अभी चंडीगढ़ में हैं। दिल्ली आते ही उन्हें नोटिस दिया जाएगा। मुख्यमंत्री व आतिशी के जवाबों से ही पता लगेगा कि विधायक खरीद मामले की जांच किस दिशा में जाएगी।

अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने मुख्यमंत्री केजरीवाल से पूछा है कि उनके कितने विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई। इन विधायकों के नाम क्या हैं। भाजपा के किस-किस नेता ने आप विधायकों से संपर्क किया। अगर पैसे देने की कोशिश की गई तो किस तरह देने की कोशिश की गई। पुलिस ने आप से सीसीटीवी फुटेज भी मांगी है। भी पूछा है कि कब से विधायकों को खरीदने की कोशिश की जा रही है। केजरीवाल से उन विधायकों की सूची मांगी गई है, जिन्हें फोन किया गया है। पुलिस के नोटिस में भाजपा के जिस नेता ने या उसके कार्यकर्ता ने फोन किया था उसका नाम भी मांगा है।