गाजीपुर ,नंदगंज। थानाक्षेत्र के हरखूपुर स्थित गैस एजेंसी के पास पोखरे में मछली पकड़ने के दौरान डूबकर युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। करैला सहेड़ी गांव निवासी अखिलेश कुमार राम पुत्र स्व. सुरेश राम अपने साथी राजू राम व विराट के साथ जयहिंद बिंद के पोखरे में मछली पकड़ने गया था। अखिलेश जाल लेकर पानी के अंदर गया और गहराई ज्यादा होने के कारण डूबने लगा। जब उस पर साथियों की नजर पड़ी तो वे चिल्लाने लगे। लेकिन उनके देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया। शोरगुल सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पानी में कूदकर उसकी तलाश करने लगे। काफी मशक्कत के बाद कांटें के माध्यम से लाश को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वो दम तोड़ चुका था। मृतक तीन भाइयों व एक बहन में सबसे बड़ा था और परिवार का इकलौता कमासुत था। उसके पिता की बहुत ही पहले ही मौत चुकी है। जिसके चलते वही घर का जिम्मेदार सदस्य था। घटना के बाद मां ऊषा देवी सहित भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष पीके सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा हरि राम ने पोखरे में डूबने की तहरीर दी है।