गाजीपुर। जिले में बृहस्पतिवार को झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज गई जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि दिनभर में सिर्फ तीन मिलीमीटर हुई बारिश ने सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। शहर में कई स्थानों पर नालियों के जाम होने से पानी दुकानों और घरों में पहुंच गयाकिई सड़कें जलमग्न हो गईं और नालियों का मलबा और गंदा पानी फैल गया। इससे राहगीर परेशान रहें जबकि नगर पालिका की ओर से 70 प्रतिशत नालों की सफाई का दावा किया जा रहा है। सुबह करीब साढ़े दस बजे से बारिश शुरू हुई। दोपहर एक बजे तक रुक-रुक कर तेज गरज के साथ अच्छी बारिश हुई। बारिश का बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया। कुछ युवक बाइक से घूमकर बारिश का आनंद लिए। वहीं बारिश से नगर की प्रमुख सड़कें मिश्रबाजार, महुआबाग, ददरीघाट, सिंचाई विभाग चौराहा, झंडातर आदि सड़कें कुछ देर के लिए जलमग्न हो गईं। बारिश का पानी नालियों और सड़कों के ऊपर से बह रहा था। वहीं नगर पालिका की ओर से नाले और नालियों की सफाई नहीं कराने से सड़कों पर जलभराव हो गया था। इससे लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। मिश्रबाजार से आमघाट जाने वाले रास्ते में घरों में और दुकानों में नाली का गंदा पानी चला गया। वहीं, मारकीनगंज मोहल्ले में घुटने तक पानी सड़कों पर जमा हो गया। इसके कारण कई बाइक सवारों की बाइक पानी के बीच बंद हो गई। पीजी कॉलेज कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक कपिलदेव शर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान 37.1 और न्यूनतम 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बरकरार है। बुधवार को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बदहाल सड़कों पर फिसलते, संभलते रहे लोग गाजीपुर। नगर में सीवर पाइप लाइन की इंटरकनेक्शन के लिए कुछ सड़कों पर खोदाई की गई है। इससे संबंधित सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। इन जर्जर सड़कों पर बारिश के बाद राहगीरों को फिसलते हुए देखा गया। फिसलने के क्रम में लोग किसी तरह से खुद को संभालते हुए देखे गए। नगर के मिश्रबाजार से महुआबाग जाने वाली सड़क, कपूरपुर आदि जगहों की स्थिति काफी खराब थी। मक्का, सब्जी की फसलों को मिलेगा लाभ बारा। महीने भर से भीषण गर्मी झेल रहे बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को को प्री- मानसून की पहली बारिश ने राहत पहुंचाई। गरज, चमक के साथ बादल घिरे और करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। दोपहर 2:30 बजे तक रुक-रुक कर हल्की, तेज बारिश होती रही। बारिश होने के बाद किसानों के चेहरे खिल गए। फकरुद्दीन खां, जियाउद्दीन खां, सुनील सिंह, मुन्ना यादव, योगेंद्रनाथ राय, एजाज खां आदि किसानों ने बताया कि बारिश होने से खेत में कुछ नमी आई है। इससे मक्का, सब्जी आदि फसलों को लाभ पहुंचेगा। बिजली गिरने से ट्रक चालक की मौत मरदह। थाना क्षेत्र के दिवानपट्टी महेगवा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर एक बजे बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी झुलस गया, उसे मऊ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों धान की तैयार हो रही नर्सरी की सिंचाई करने गए थे। महेगवा गांव निवासी श्रीवंत चौहान उम्र (30) साथी राजेंद्र चौहान के साथ पंपिंग सेट पर गए थे। वहां खेत में तैयार हो रही धान की नर्सरी की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के साथ बिजली तेज आवाज के साथ गिरी, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति होने पर दोनों को डॉक्टरों ने मऊ के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही श्रीवंत चौहान की मौत हो गई। जबकि राजेेंद्र चौहान का इलाज मऊ के निजी अस्पताल में चल रहा है। जहां उसकी हालत स्थिर बनी है। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। श्रीवंत ट्रक चलाकर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। मौत की जानकारी होते ही पिता पूर्व प्रधान भोला चौहान, माता सुदेश्वरी देवी, भाई सतीश चौहान, अंगद चौहान, यशवंत चौहान, पत्नी वसुंधरा का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक जंगीपुर डा. वीरेंद्र यादव ने पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि हर संभव मदद दिलाई जाएगी। दो मवेशियों की झुलसकर मौत सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव के सिवान में बृहस्पतिवार को बिजली गिरने एक पेड़ कई हिस्सों में बंट गया, वहीं पेड़ के नीचे बंधे एक मवेशी की मौत हो गई। पशुपालक मिश्रवलिया गांव निवासी गुड्डू तिवारी घटना की सूचना पशुपालन विभाग के कर्मियों को दी। सुहवल गांव में भी बिजली गिरने से वीरेंद्र यादव की एक भैंस की मौत हो गई। वहीं खेत में काम कर रहे शिवपूजन यादव झुलस गए। पचोखर फीडर की ट्राॅली ब्लास्ट, बिजली आपूर्ति ठप गाजीपुर। बारिश और बिजली गिरने से बृहस्पतिवार को दिलदारनगर क्षेत्र के पचोखर फीडर की ट्राॅली ब्लास्ट हो गई। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे 4200 उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं। अवर अभियंता तपस कुमार ने बताया कि तेज बारिश से उपकेंद्र दिलदारनगर पर कंट्रोल रूम में बिजली गिरी। इससे पचोखर फीडर की कंट्रोलर बॉक्स में अचानक ब्लास्ट हो गया। ड्यूटी पर तैनात कुछ लोगों को करंट का झटका लगा। संयोग अच्छा रहा कि किसी को कुछ हुआ नहीं। जल्द ही ट्राली की मरम्मत कराकर जल्द से जल्द पचोखर फीडर के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। संवाद