गाजीपुर (सैदपुर)। थाना क्षेत्र के महरूमपुर गांव स्थित वाराणसी गोरखपुर फोरलेन राजमार्ग पर शनिवार तड़के सुबह टहल रहे आर्मी से रिटायर्ड जवान को एक मैजिक वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही पूर्व जवान की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। मौके पर स्थानीय लोगों ने गाड़ी और चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची सैदपुर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार सैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महरूमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय वीरेंद्र यादव पुत्र राजाराम सिंह यादव शनिवार की सुबह वाराणसी - गोरखपुर फोरलेन राजमार्ग पर रोज की तरह गांव के कुछ लोगों के साथ टहल रहे थे। तभी गाज़ीपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने साइड मे चल रहे वीरेंद्र को जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना
के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जिसके बाद आनन-फानन में ग्रामीणों द्वारा घायल वीरेंद्र को एंबुलेंस द्वारा सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर ने जांच करने के बाद वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वीरेंद्र यादव की मौत की सूचना मिलते ही वहां मौजूद उनके परिजनों में चीख पुकार मच गई। मृतक वीरेंद्र अभी एक वर्ष पूर्व ही सेना में जेसीओ पद से रिटायर हुए थे। वीरेंद्र चार भाइयों में दूसरे नम्बर के थे। वीरेंद्र अपने पीछे दो पुत्री 20 वर्षीय वर्षा यादव और 16 वर्षीय प्रिया यादव को छोड़ गए है। घटना के बाद पत्नी अनीता व दोनों पुत्रियों के साथ ही परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है। उक्त घटना के बाद पुलिस ने घटना में शामिल मैजिक वाहन को चालक सहित कब्जे में ले सैदपुर कोतवाली ले आई है। आगे की कार्यवाही करते हुए मृतक वीरेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय के लिए भेज दिया।