गाजीपुर। सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत बिराइच के राजस्व गांव चकदराब में पोखरी का गंदा पानी लोगों के घरों तक जा पहुंचा है। जिससे लोगों के आने- जाने का रास्ता बाधित हो रहा है। चकदराब के लोगों ने बताया कि सरकारी पोखरी सात विस्वा की है। जिसे कुछ दबंग किस्म के लोगों ने कब्जा कर रखा है। पोखरी की जमीन पर मकान, शौचालय, सीढ़ी, बाउंड्री बनाकर कब्जा किया गया है। यहां हुए अवैध न‍िर्माण पर स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की हुई है। स्थानीय लोगों ने गांव के मुखिया तक पहुंच कर इसकी शिकायत की मुखिया के कानों पर जूं तक नहीं रेगा। ग्रामीणों ने बताया कि पोखरी लगभग कब्जा हो गई है। गांव के करीब दस परिवार के घर पोखरी के गंदे पानी की चपेट में आ गए हैं। गांव के लोग गंदगी में रहने को मजबूर है। सूत्रों से पता चला कि इसकी शिकायत ब्लॉक के उच्च अधिकारियों से भी की गई है, लेकिन उन्होंने समस्या के समाधान से हाथ खड़े कर दिए हैं। समस्या को लेकर गांव की महिला और पुरुष में अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पोखरी के गंदे पानी के कारण उनके घरों में कीड़े मकोड़े घूस रहे हैं। वहीं तमाम बीमारियां पनप रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसकी सुनवाई नहीं की गई तो जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देने के लिए हम मजबूर होगे।