नंदगंज। थानाक्षेत्र के बहादीपुर गांव में फौजी लड़के के दूसरी शादी की अफवाह सुनकर लड़की पक्ष से लोग पहुंच गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ बदमाशों को पकड़कर थाने पहुंचाया। जिसके बाद लड़के पक्ष की तरफ से लड़की पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। हुआ ये कि रजादी गांव निवासी राजनारायण बिंद अपनी बेटी प्रांजली की शादी 2022 में बहादीपुर निवासी चौथी राम के पुत्र दुर्गेश बिंद के साथ धूमधाम से हुई थी। दुर्गेश फौज में है और ड्यूटी करता है। शादी के बाद एक महीने तक तो सब ठीक ठाक चला, फिर किसी बात को लेकर दंपत्ति में तनातनी हो गई। जिसके बाद लड़की अपने मायके चली गई। इस मामले में कई बार दोनो पक्षों के बीच पंचायत भी हुई लेकिन बात नहीं बन सकी। इस बीच दुर्गेश ड्यूटी से छुट्टी लेकर अपने घर आया है। तभी किसी ने अफवाह फैला दिया कि दुर्गेश ने दूसरी शादी कर ली है। ये अफवाह लड़की पक्ष तक पहुंची तो उसके घर की कुछ महिलाएं और पुरुष दुर्गेश के घर आ धमके और दोनों पक्षों में बहस होने लगी। इस बीच लड़की के गांव से और भी कई महिलाएं आ गईं। बहस के बीच बात नहीं सुधरी और उनके बीच मारपीट होने के साथ ही पथराव भी होने लगा। लड़की पक्ष से आई आक्रोशित भीड़ ने दुर्गेश के घर पर हमला बोल दिया और लोगों को पीटने के साथ ही उसके घर में तोड़फोड़ भी करने लगे। जिसमें उन्होंने बाइक तोड़ने के साथ ही घर की खिड़की, दरवाजा, बेड, फ्रिज आदि को तोड़ दिया। साथ ही एक महिला सहित पांच लोगों को घायल कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची तो अधिकांश बदमाश मौके से फरार हो गए। लेकिन कुछ लोगों को पुलिस पकड़कर थाने ले आई। इसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बाबत थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि लड़के के पिता चौथी राम की तहरीर पर लड़की पक्ष के 10 नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।