गाज़ीपुर। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के कुशल निर्देशन में 13 अक्टूबर 2024 को पुलिस लाइन प्रांगण में महिला सहायता प्रकोष्ठ और परिवार परामर्श केन्द्र द्वारा पति-पत्नी के विवाद से संबंधित कुल 26 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

इनमें से 7 प्रकरणों में दोनों पक्षों को बैठाकर मध्यस्थता के माध्यम से बिना किसी दबाव के राजी-खुशी से गिले-शिकवे भुलाकर विदाई कराई गई। यह पहल न केवल विवादों को सुलझाने में सहायक रही, बल्कि परिवारों में सामंजस्य भी स्थापित करने में मददगार साबित हुई।

वहीं, 5 प्रकरणों में मध्यस्था विफल होने के कारण विधिक कार्यवाही का सुझाव देते हुए पत्रावली बंद कर दी गई। 4 अन्य परिवारिक विवादों में स्थिति को कुशलता से संभालते हुए पत्रावली को समाप्त किया गया। शेष मामलों में एक पक्ष की अनुपस्थिति के कारण अगली तिथि निर्धारित की गई।

इस सफल निस्तारण में विक्रमादित्य मिश्र, विरेन्द्र नाथ राम, सोनिया सिंह, नीतू मिश्रा, महिला मुख्य आरक्षी सुनीता गिरी, महिला आरक्षी रोली सिंह, होमगार्ड विमला देवी, और पीआरडी गीता देवी जैसे अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यह प्रक्रिया न केवल विवादों के समाधान में सहायक रही, बल्कि समाज में समरसता को बढ़ावा देने का कार्य भी कर रही है।