गाजीपुर, 27 जनवरी, 2025: कलेक्ट्रेट गाजीपुर में 76वें गणतंत्र दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनसमूह को एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। इसके बाद स्कूली बच्चों को मिष्ठान का वितरण किया गया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र और मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने गणतंत्र दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर सभी को शुभकामनाएं दी और कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके आश्रितों को माला पहनाकर उनका सम्मान किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और महान विभूतियों के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए सभी को प्रेरणा दी।


इसके बाद जिलाधिकारी ने पुलिस लाईन का दौरा किया, जहां पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने उनका स्वागत किया। पुलिस लाईन मैदान में उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज्य मंत्री और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुख्य अतिथि के रूप में झंडा फहराया और परेड की सलामी ली। परेड में विभिन्न टोलियों ने मुख्य मंच से गुजरते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए संविधान की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संविधान के कारण ही आज हम हर क्षेत्र में प्रगति कर पा रहे हैं।

इस दौरान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवा मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की गई और पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह में मिष्ठान का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र पाण्डेय, जनपद स्तरीय अधिकारी, नागरिक पुलिस के अधिकारी और आम जनमानस भी उपस्थित थे।