जौनपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 7235 भारत के तत्वावधान में एक भव्य पदाधिकारी सम्मान समारोह का आयोजन साल्वेशन हॉस्पिटल, जौनपुर में किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाराणसी कैंट के विधायक श्री सौरभ श्रीवास्तव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री महेश कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष अरुण चुन्नू श्रीवास्तव एवं राष्ट्रीय महासचिव राजेश श्रीवास्तव 'बच्चा भैया' एडवोकेट मंच पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य कायस्थ समाज के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित करना एवं संगठन को विस्तार देना था। इस अवसर पर समाजहित में निरंतर योगदान देने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों पर मनोनीत किया गया। श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव 'स्वामी जी' को प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश, श्री सुरेश कुमार श्रीवास्तव को प्रदेश उपाध्यक्ष, सुश्री साक्षी श्रीवास्तव को महिला प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश तथा श्री श्रीकांत श्रीवास्तव को जिला अध्यक्ष, गाजीपुर नियुक्त किया गया। सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कायस्थ समाज हमेशा से शिक्षा, प्रशासन एवं नेतृत्व के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। समाज के युवाओं को इस परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए। वक्ताओं ने यह भी कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को जोड़कर उनके हितों की रक्षा करना है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा समाज के प्रत्येक सदस्य के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

समारोह का संचालन प्रभावशाली एवं अनुशासित ढंग से किया गया। अंत में, सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।