गाज़ीपुर, 17 अप्रैल। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रांतीय आह्वान पर गाजीपुर जिला कमेटी ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के खिलाफ सरजू पाण्डेय पार्क में धरना आयोजित किया। 

धरने को संबोधित करते हुए भाकपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमेरिका सिंह यादव ने कहा कि उपभोक्ताओं, कर्मचारियों और जनहित में विद्युत निगमों का निजीकरण गलत है। जहां निजीकरण हुआ, वहां परिणाम अच्छे नहीं रहे। सरकार की निजीकरण नीतियों से कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी होगी और बिजली महंगी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के निजीकरण से देश की अर्थव्यवस्था चौपट होगी और बेरोजगारी, जो पहले से ही चरम पर है, में और वृद्धि होगी। यादव ने जोर देकर कहा कि पब्लिक सेक्टर ने भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और इससे सामाजिक, आर्थिक व शैक्षिक रूप से पिछड़े लोगों को आरक्षण के जरिए रोजगार मिला। लेकिन वर्तमान सरकार की आर्थिक नीतियां देश को तबाह कर रही हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार को यह नीति हर कीमत पर वापस लेनी होगी। भाकपा बिजली कर्मचारियों के आंदोलन का पूर्ण समर्थन करती है।

धरने को सह सचिव ईश्वरलाल गुप्ता, राम अवध, डॉ. राम बदन सिंह, बच्चेलाल यादव, रामलाल, एडवोकेट अरुण सिंह, राम शुक्ला, अवधनारायण, मोहन प्रसाद, रामराज बिंद, अम्बिका चौहान आदि ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार देश को कॉर्पोरेट के हवाले करने पर तुली है, लेकिन वामपंथी दल, जनवादी ताकतें और देश की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतंत्र में जनता की ताकत सर्वोपरि है और यह संघर्ष और भी उग्र होगा। 

धरने की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता रामबचन प्रधान ने की, जबकि संचालन ईश्वरलाल ने किया।