गाजीपुर। जनपद के बिरनो क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था बौद्ध इंटर कॉलेज, सरदरपुर क्यामपुर ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराया है। हाल ही में घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में इस विद्यालय के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

हाईस्कूल परीक्षा में आदित्य यादव ने 91.5% अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉप किया। उनकी सफलता न केवल उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय भी है। उनके बाद सोनम यादव ने 88.83% और शौम्या वर्मा ने 86.83% अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन छात्रों की मेहनत, अनुशासन और लगन का प्रतिफल आज सभी के सामने है।

इंटरमीडिएट परीक्षा में भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। हर्षिका (रोल नंबर 2257036777) ने 84.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं जूही कुशवाहा (रोल नंबर 2257036778) ने 79.4% और निशा (रोल नंबर 2257036790) ने 77.4% अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का परिचय दिया।

विद्यालय के संस्थापक जनार्दन सिंह कुशवाहा एवं प्रधानाचार्य सुनील सिंह कुशवाहा ने सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही यह संभव हो सका है।

विद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को समर्पण और कठिन परिश्रम का प्रतीक बताया। साथ ही छात्रों को प्रेरित किया कि वे आगे भी इसी प्रकार सफलता की नई ऊँचाइयाँ छुएं। बौद्ध इंटर कॉलेज ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और सकारात्मक वातावरण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।