गाज़ीपुर। जिले के लिए यह गौरव का क्षण है जब यहां की बेटी और राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत को संसद की महिला सशक्तिकरण समिति में सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए उनके चयन पर गाज़ीपुर सहित समूचे पूर्वांचल में खुशी की लहर दौड़ गई है। बधाई देने वालों का तांता उनके आवास पर दिनभर लगा रहा।

महिला सशक्तिकरण समिति, संसद की एक महत्वपूर्ण स्थायी समिति होती है, जिसका मुख्य उद्देश्य देश में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करना, उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार लाना तथा उन्हें हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। इस समिति में विभिन्न दलों के सांसदों को शामिल किया जाता है ताकि महिला कल्याण के मुद्दों पर व्यापक और संतुलित दृष्टिकोण अपनाया जा सके।

डॉ. संगीता बलवंत ने इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह न केवल उनके लिए बल्कि पूरे गाज़ीपुर जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, "मैं इस समिति के माध्यम से महिलाओं की आवाज़ को संसद में और मजबूती से उठाऊंगी। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उन्हें सशक्त करना मेरी प्राथमिकता होगी।"

राजनीतिक और सामाजिक हलकों में डा. संगीता के इस मनोनयन को एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। गाज़ीपुर के लोगों को उम्मीद है कि उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता से पूर्वांचल की महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई। महिला सशक्तिकरण समिति में डा. संगीता बलवंत की भागीदारी निश्चित ही नारी उत्थान की दिशा में एक मजबूत कदम सिद्ध होगी।