गाजीपुर। जिले के खुटही गांव के निवासी अनुपम यादव ने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 237वीं रैंक हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है। अनुपम की इस ऐतिहासिक सफलता से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।

अनुपम यादव एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता बुद्धिराम यादव वाराणसी में पीएसी में मुख्य आरक्षी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि मां सुशीला देवी एक गृहणी हैं। पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े अनुपम ने चौथे प्रयास में यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ अपने छोटे भाई-बहनों की जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभाया।

अनुपम की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई गाजीपुर में ही हुई। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की और फिर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), नई दिल्ली से एमए किया। उच्च शिक्षा की दिशा में कदम बढ़ाते हुए उन्होंने कर्नाटक सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पीएचडी की डिग्री हासिल की।

अनुपम के परिवार में शिक्षा का विशेष महत्व रहा है। उनके छोटे भाई आदित्य एक केमिकल इंजीनियर हैं, जबकि दोनों बहनें जूनियर हाई स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। सबसे छोटे भाई अनुराग स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। वर्तमान में अनुपम तमिलनाडु में रह रहे हैं और वहीं से उन्होंने परीक्षा की तैयारी की थी।

अनुपम की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि गांव के हर युवा को प्रेरित किया है। उनके पिता बुधीराम यादव ने कहा, “यह हमारे पूरे परिवार और गांव के लिए गर्व का क्षण है। यह सफलता बच्चों की मेहनत और संघर्ष का ही परिणाम है।” गांव के लोग मिठाई बांटकर इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं।

अनुपम यादव आज उन युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं और उन्हें साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं।